Thursday, November 5, 2026
spot_img
Homeदेहरादूनसमरवैली स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप पर हंगामा, शिक्षक पर...

समरवैली स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप पर हंगामा, शिक्षक पर कार्रवाई की मांग

देहरादून। समरवैली स्कूल में कक्षा 11 की छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद शुक्रवार को हंगामा हो गया। छात्रा की मां ने स्कूल के भौतिक विज्ञान के शिक्षक पर करीब डेढ़ महीने से बेटी को परेशान करने और अनुचित तरीके से छूने का आरोप लगाया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने और छात्रा पर दबाव बनाने का भी आरोप लगाया।

15 छात्राओं के हस्ताक्षर के साथ दी थी शिकायत

छात्रा की मां के अनुसार, उन्होंने 15 अक्टूबर को प्रधानाचार्य को लिखित शिकायत सौंपी थी। शिकायत पर उनकी बेटी समेत 15 छात्राओं के हस्ताक्षर थे। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद शिक्षक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके उलट, उनकी बेटी पर मामला खत्म करने का दबाव बनाया गया।

मां ने बताया कि बेटी ने उन्हें शिक्षक के अनुचित व्यवहार के बारे में जानकारी दी थी। उनका दावा है कि कक्षा की अन्य छात्राओं के साथ भी इसी तरह का व्यवहार किया जाता है।

प्रधानाचार्य से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप

मां के मुताबिक, 14 अक्टूबर को स्कूल पहुंचने में देर होने पर शिक्षक उनकी बेटी को धक्का देते हुए प्रधानाचार्य के कक्ष तक ले गया था। इसके बाद बेटी से पूरी बात जानकर उन्होंने अगले दिन प्रधानाचार्य को लिखित शिकायत दी।

उनका आरोप है कि प्रधानाचार्य ने पहले छात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित करने और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे नौकरी से हटाने का आश्वासन दिया था। हालांकि, कुछ दिन बाद छात्रा को प्रधानाचार्य कक्ष में बुलाया गया, जहां स्कूल के निदेशक ने कथित तौर पर उसी को झूठा ठहराया।

मां का आरोप है कि छात्रा से शिक्षक के व्यवहार को दोहराकर दिखाने के लिए कहा गया और शिक्षक की उम्र का हवाला देते हुए अनुचित टिप्पणियां की गईं।

पढ़ाई प्रभावित होने का डर दिखाने का आरोप

छात्रा की मां का कहना है कि बेटी को उसकी और उसके भाई की पढ़ाई प्रभावित होने का डर दिखाया गया। उसे यह भी कहा गया कि सत्र के बीच दूसरे स्कूल में दाखिला मिलना मुश्किल होगा। मां के अनुसार, उनकी बेटी एथलेटिक्स की कई स्पर्धाओं में हिस्सा ले चुकी है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामले को खत्म कराने के लिए खेल जगत से जुड़े कुछ बाहरी लोगों को शामिल किया गया, जिससे निजी शिकायत कई अन्य लोगों तक पहुंच गई।

स्कूल पहुंचीं मां, पुलिस बुलाने का आरोप

शुक्रवार को मामले से नाराज छात्रा की मां स्कूल पहुंचीं। उनका आरोप है कि इस दौरान स्कूल का गेट अंदर से बंद कर दिया गया और पुलिस बुला ली गई। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दिए जाने की बात कही, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने शिकायत दिखाने से इनकार कर दिया।

शिक्षा विभाग और डीएम से करेंगी शिकायत

छात्रा की मां ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने और स्कूल प्रबंधन से प्रार्थना सभा में सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। उन्होंने बताया कि वह शनिवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों और जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत करेंगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments