रायबरेली। Ganga Expressway accident : गंगा एक्सप्रेस-वे पर सुलतानपुर जनौली के पास रविवार की रात पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने पैदल जा रहे सात लोगों को रौंद दिया। हादसे में एक किशोरी समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
RBI REPO RATE : RBI ने रेपो रेट को 5.25% पर बरकरार रखा
जानकारी होते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। अपर पुलिस अधीक्षक भी घटना स्थल पर पहुंचे। काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और जगतपुर-डलमऊ रोड पर जाम लग गया।
जगतपुर के कोडर निवासी रिया पटेल, प्रिया पटेल, हिमांशी, शालिनी, रश्मि, साधना व महिला आसमा चूली गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होने गई थी। वहां से सभी लोग पैदल लौट रही थी। सुलतानपुर जनौली के पास गंगा एक्सप्रेस-वे पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उन्हें रौंद दिया।
हादसे में हिमांशी व शालिनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को जगतपुर सीएचसी व जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान आसमा व रश्मि ने भी दम तोड़ दिया। शेष तीनों का इलाज चल रहा है।
नहीं खुला एंबुलेंस का दरवाजा
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना की सूचना पर करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन एंबुलेंस का दरवाजा करीब आधे घंटे तक नहीं खुला। ये देख लोगों का गुस्सा भड़क उठा। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझाकर शांत कराया। घायलों के परिवारजन का कहना है कि आपातकाल में काम आने वाली एंबुलेंस का इस तरह बदहाल होना जिम्मेदारों की अनदेखी बयां करता है।
घंटों जाम में फंसे रहे वाहन
बताया जा रहा है कि लक्ष्मणपुर रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण जगतपुर-डलमऊ मार्ग पर जाम लग गया। करीब दो किमी तक वाहनों की कतार लगी रही। जिसके कारण घटना स्थल से सीएचसी तक दूसरी एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी तो घायलों को अन्य वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान जाम खुलवाने को लेकर पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी का कहना है कि घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है। कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।


