नई दिल्ली। Weather Alert : पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आज उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखा जा रहा है। दिल्ली-NCR समेत मैदानी इलाकों में तेज हवाओं और बारिश ने दस्तक दी है, वहीं पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी का दौर जारी है। आईएमडी के मुताबिक 20 मार्च से यूपी, बिहार, दिल्ली से लेकर कश्मीर तक लोगों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं।
दिल्ली-NCR का मौसम
राजधानी में आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 26°C से 28°C के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से काफी कम है। 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।
हिमाचल और जम्मू-कश्मीर
पहाड़ों पर कड़ाके की ठंड लौट आई है। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई है। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति, रोहतांग और कुल्लू के ऊपरी हिस्सों में ताजा हिमपात के कारण तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट आई है। ऊंचे दर्रों पर यातायात प्रभावित हो सकता है।
आईएमडी के मुताबिक बिहार में 20 मार्च को मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा भी चल सकती है। छत्तीसगढ़ में 20 मार्च को कुछ स्थानों पर आंधी (हवा की गति 50-60 किमी प्रति घंटा और 70 किमी प्रति घंटा तक के झोंके) आने की संभावना है।
अगले 24 घंटे के दौरान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 20 मार्च के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश संभव है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मुजफ्फराबाद और गिलगित-बाल्टिस्तान में छिटपुट बारिशऔर बर्फबारी हो सकती है।
कर्नाटक में कई जगहों पर होगी बारिश
पूर्वोत्तर भारत, तमिलनाडु, केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कई जगहों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 मार्च तक धूल भरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
गुजरात, दक्षिण छत्तीसगढ़, ओडिशा, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और दक्षिण तटीय कर्नाटक में छिटपुट बारिश संभव है। 20 मार्च तक बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे पूर्व और उत्तर-पूर्व भारत की ओर बढ़ेंगी। हालांकि उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 20 मार्च को भी बारिश जारी रह सकती है।
मध्य प्रदेश में बारिश की संभावना
बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत में 20 मार्च को बारिश और गरज-चमक की संभावना है। अगले 2 दिनों के दौरान देश के कई हिस्सों में दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट आ सकती है।


