Wednesday, November 4, 2026
spot_img
Homeदेहरादूनराज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने भेजे 15 नाम, जल्द घोषित होगा...

राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने भेजे 15 नाम, जल्द घोषित होगा प्रत्याशी: महेंद्र भट्ट

देहरादून। आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। प्रदेश की कोर कमेटी में सामने आए सभी 15 दावेदारों के नाम केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड को भेज दिए गए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि जल्द ही केंद्रीय नेतृत्व की ओर से प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।

पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में महेंद्र भट्ट ने बताया कि राज्य की कोर कमेटी में सामने आए सभी 15 नाम केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड को भेजे गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक-दो दिन के भीतर केंद्रीय नेतृत्व प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर देगा। राज्यसभा चुनाव के लिए छह अक्तूबर नामांकन की अंतिम तिथि है। उन्होंने कहा कि तय समय सीमा के भीतर भाजपा प्रत्याशी विधिवत नामांकन दाखिल करेगा।

छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी की जीत पर जताई खुशी

प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं की जीत पर भी भट्ट ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े छात्रसंघ डीएवी समेत अधिकांश कॉलेजों में विद्यार्थी परिषद के प्रत्याशियों की जीत युवाओं में राष्ट्रवादी विचारों की मजबूती का संकेत है।

कांग्रेस की ओर से छात्रसंघ चुनाव को लेकर लगाए गए आरोपों पर भट्ट ने कहा कि ये आपत्तियां बेबुनियाद हैं और हार की खीज में लगाए जा रहे आरोप हैं। उन्होंने कांग्रेस पर पुलिस और प्रशासन के दुरुपयोग को लेकर झूठे आरोप लगाने का भी आरोप लगाया।

पीएम मोदी का दौरा भव्य होगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम जब भी तय होगा, वह भव्य और शानदार होगा। फिलहाल केदारनाथ और टिहरी का कार्यक्रम प्रस्तावित है। तारीख तय होने के बाद संगठन की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के कुमाऊं दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर भट्ट ने कहा कि यह चुनावी वर्ष है और कांग्रेस नेता भी चुनावी यात्रा पर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका उत्तराखंड आना स्वाभाविक है और भाजपा को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।

रामशरण नौटियाल के इस्तीफे पर बोले भट्ट

पूर्व मंत्री रामशरण नौटियाल के इस्तीफे की चर्चाओं पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि अभी तक उनके पास या जिलाध्यक्ष के पास रामशरण नौटियाल का कोई इस्तीफा नहीं आया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में यदि कोई स्पष्टीकरण देना है तो वह स्वयं रामशरण नौटियाल की ओर से ही दिया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments